अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट

रमना (गढ़वा) । छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर रमना प्रखंड के सभी छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लौंगापुल, गंगा तालाब, सिलिदाग घाट, जीरुआ घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
खरना के दिन व्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को घाटों पर स्नान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के महाव्रत का संकल्प लिया। घाटों पर गूंज रहे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
लौंगापुल गंगा ,तालाब छठ घाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। घाट को गुलाबी पंडाल, फव्वारों, लाल झंडों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। समिति के सदस्यों ने व्रतियों की सुविधा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा।
इस दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की टीम सभी प्रमुख घाटों पर तैनात रही। थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने घाटों पर लगातार गश्त की, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।
Leave a Reply