तरहसी से इन्दल पासवान की रिपोर्ट—
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत उदयपुरा वन के मिसिर दोहर गांव में सोमवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन विवाद को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घायल युवक की पहचान प्रदीप मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 9 बजे प्रदीप मेहता अपने नए घर में सोया हुआ था, जहां अभी दरवाजा नहीं लगा था। इसी दौरान चतुर्गुण मेहता और उसके साथ आए दो अज्ञात लोग घर पहुंचे और प्रदीप को जगा कर सीधे उसकी कनपटी में गोली मार दी।
गोली लगते ही लहूलुहान प्रदीप मेहता जान बचाने के लिए पागलों की तरह चिल्लाते हुए उदयपुरा गांव की ओर दौड़ पड़ा। कुछ दूरी तक अपराधियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन ग्रामीणों की आवाज सुनते ही हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल प्रदीप मेहता को तत्काल तरहसी उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
इलाके में घटना के बाद से तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

Leave a Reply