ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

शांति, सौहार्द व भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
बिशुनपुरा (गढ़वा)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को बिशुनपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं चौकीदार शामिल रहे।
फ्लैग मार्च बिशुनपुरा थाना परिसर से निकलकर अहमर, महुली, गांधी चौक, नई बाजार, ब्लॉक मोड़ होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचा। इसके बाद मार्च कामता, पिपरीकला एवं पतिहारी क्षेत्रों में जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान सशस्त्र जवानों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ा दी गई है।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सभी लोग आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं।
फ्लैग मार्च में बिशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह, श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवान एवं चौकीदार मौजूद थे।