
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को रमना थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व श्री बंशीधर नगर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस वाहन सायरन बजाते हुए आगे चल रहे थे, वहीं बाइक पर सवार जवान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों को सतर्कता और शांति का संदेश दे रहे थे।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर बिशुनपुरा रोड, शहीद भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार, हरी गणेश मोड़, सर्वेश्वरी चौक, परसवान, बहियार खुर्द एवं बहियार कला सहित विभिन्न इलाकों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बकरीद पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
थाना प्रभारी आकाश कुमार ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक पर्व के दौरान सौहार्द का परिचय दें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
मौके पर श्री बंशीधर नगर एवं बिशुनपुर थाना प्रभारी समेत पुलिस बल के जवान मौजूद थे।