
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट
रमना। आधार नामांकन एवं अपडेट सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए गढ़वा में जल्द आधार सेवा केंद्र खोला जाएगा। यूआईडीएआई के क्षेत्रीय महानिदेशक अखिलेश कुमार गुप्ता द्वारा जारी सूचना के अनुसार राज्य के आठ जिलों में नए आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें गढ़वा भी शामिल है।
विदित हो कि बजट सत्र के दौरान क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने विधानसभा में जिला स्तर पर आधार सेवा केंद्र खोलने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि आधार कार्ड में सुधार अथवा अपडेट के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रांची जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। आधार की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए जिला मुख्यालय में सेवा केंद्र स्थापित करना आवश्यक है।
गढ़वा में आधार सेवा केंद्र खुलने की सूचना से लोगों में खुशी है। विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर मेहता, रामचंद्र राम, मुन्ना प्रसाद गुप्ता और मुन्ना पासवान सहित कई लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक अनंत प्रताप देव के प्रति आभार जताया है।