
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट
रमना। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, निजीकरण नीति, मनरेगा में बदलाव सहित कथित श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ गुरुवार को आहूत हड़ताल के समर्थन में विपक्षी दलों व ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय स्थित भगत सिंह चौक के समीप गढ़वा–श्री बंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान करीब 45 मिनट तक मुख्य पथ बाधित रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। बाद में मौके पर पहुंची रमना थाना पुलिस ने समझा-बुझाकर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की चारों श्रम संहिताएं मजदूर विरोधी तथा पूंजीपतियों के हित में हैं। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर घटेंगे। मनरेगा में किए गए बदलाव से पंचायतों की भूमिका कमजोर होगी और योजनाएं केंद्र से थोपी जाएंगी। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसानों व मजदूरों को नुकसान हो रहा है।
सभा को भाकपा जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला, राजद प्रदेश महासचिव अभय कुमार पांडेय, सीपीआइएम जिला सचिव जयप्रकाश गुप्ता, कांग्रेस सेवादल जिला संगठक ईश्वरी चौधरी, राजकुमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। मौके पर विनोद ठाकुर, रोहित पांडेय, नौरंगी पाल, राजकुमार भुइया, मुन्ना राम, सुनेश्वर चंद्रवंशी, विद्या पासवान, रामनाथ उरांव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।