*दयानंद यादव सब न्यूज कॉर्डिनेटर हेड*
कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत लमारी कला गांव से युवा संघर्ष सेना के तत्वधान में शनिवार को एक विराट जुलूस निकाली गई। सर्वप्रथम उक्त गांव स्थित हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की गई। तत्पश्चात युवा संघर्ष सेना प्रमुख अनूप कुमार उपाध्याय उर्फ बड़ू उपाध्याय के द्वारा संस्था के सभी पदाधिकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ कर जय श्री राम का जयघोष करते हुए अनूप कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में विराट जुलूस निकाला गया। संस्था से जुड़े सैकड़ों युवाओं के हाथों व मोटरसाइकिल में झंडा दिख रहा था। दर्जनों युवाओं के हाथों में तलवार भी दिख रहे थे। हालांकि कांडी प्रखण्ड में रामनवमी का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। साथ ही विभिन्न गांवों से रविवार को ही जुलूस निकाला जाएगा। किंतु युवा संघर्ष सेना के तत्वधान में एक दिन पूर्व ही जुलूस का आयोजन किया गया, जिससे क्षेत्र में शांति कायम रहे। वहीं कांडी पुलिस शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस सम्पन्न कराने के लिए मुस्तैद दिखी। उक्त जुलूस लमारी कला गांव से घटहुआँ कला गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र के समीप खेल मैदान में पहुंची, जहां रामभक्तों ने जलपान किया। इसके बाद हरिगावां, पतहरिया, कुशहा, खुटहेरिया, सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल, अधौरा, सोनपुरवा, मंडरा, चेचरिया, शिवपुर, बहेरा, भरत पहाड़ी, गोसांग सहित अन्य गांवों का भ्रमण करते गरदाहा गांव स्थित प्राचीन मठ पर पहुंच कर जुलूस सम्पन्न हुआ। खास बात यह कि दर्शकों को जुलूस के साथ रथ पर सवार श्री राम, सीता व लक्ष्मण की झांकी का दर्शन करने का भी अवसर प्राप्त हुआ। जुलूस में युवा संघर्ष सेना के केंद्रीय अध्यक्ष झुन्नू सिंह, उपाध्यक्ष ब्रह्मदयाल उपाध्याय, विवेका पांडेय, प्रखंड अध्यक्ष सूरज पाण्डेय, पूर्व जिला परिषद सदस्य हसन राम, छुन्नू पाण्डेय, लाला पांडेय, संतोष सिंह, रिशु गुप्ता, रामजन्म प्रसाद, मनीष गुप्ता, बिपुल सिंह, राहुल सिंह सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।
