✍🏻 गढ़वा ब्यूरो अरमान खान
श्री बंशीधर नगर:- सोमवार दोपहर श्री बंशीधर नगर स्थित अंबा लाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय इनाया खातून की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना करीब दोपहर 12 बजे की है जब बरडीहा गांव निवासी शाहिद रजा अपनी बेटी को आधार कार्ड बनवाने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान हाईस्कूल के समीप एनएच-75 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को एनएच-75 पर रखकर सड़क जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकालने का प्रयास किया गया। वहीं, जामस्थल पर पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी, झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय आप नेता मंटू पांडेय सहित कई स्थानीय नेता पहुंचे और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह व पुलिस निरीक्षक रतन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। अंततः प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को ₹1 लाख की सहायता राशि और अन्य सरकारी लाभ देने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सादर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
जामस्थल पर रिजवान अहमद तस्लीम खान सीनियर,महमूद आलम सीनियर,सदर तौहिद खान,शमीम खान,तस्लीम खान,जूनियर, पूर्व मुखिया मुश्ताक अहमद,सद्दाम आलम,सलीम अंसारी सुधीर प्रसाद,धनंजय सिंह,मुन्ना खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।