अनियंत्रित धान लोड पिकअप ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक की हालत गंभीर
सब न्यूज़ कॉर्डिनेटर हेड दयानंद यादव की रिपोर्ट
कांडी (गढ़वा):
कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के बरवाडीह टोला में बुधवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाई स्कूल मोड़ के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित धान लोड पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय प्रकाश विश्वकर्मा, पिता श्री राम विश्वकर्मा, निवासी सुंडीपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मामा के घर जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश विश्वकर्मा अपने घर सुंडीपुर से मामा के घर सरकोनी गांव जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे धान से लदे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत सड़क से काफी दूर जा गिरा। बताया जाता है कि प्रकाश सेमौरा में “विश्वकर्मा मोबाइल दुकान” का संचालन करता है।
हादसे के बाद चालक फरार, एंबुलेंस देर से पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरन परिजनों ने निजी वाहन से घायल को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।
विडंबना यह रही कि घायल को ले जाने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना को लेकर कांडी और मझिआंव क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस और पुलिस पहुंच जाती तो स्थिति कुछ बेहतर हो सकती थी।
प्रशासनिक उदासीनता का आरोप
स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई थी, लेकिन पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस की ओर से यह कहा गया कि चूंकि घायल अब घटनास्थल पर नहीं है, इसलिए परिजनों को लिखित आवेदन देना होगा। इस रवैये को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है।
फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग
फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने फरार पिकअप चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
–
Read Time:3 Minute, 48 Second