6 फीट पर लटक रहा 11000 वोल्ट का तार, रोहिला गांव में बड़े हादसे की आशंका
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट रमना -प्रखंड क्षेत्र के रोहिला गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। गांव के खेतों के बीच मात्र करीब 6 फीट की ऊंचाई पर 11000 वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार लटक रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और किसानों के अनुसार, इस खतरनाक स्थिति के कारण खेती-बाड़ी का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खेत की जुताई, बुवाई और फसल की ढुलाई करना जोखिम भरा हो गया है। ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्रों के संचालन के दौरान दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है, जिससे किसान भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। वहीं, मवेशियों के चरने के दौरान भी किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इतना ही नहीं, राज्य सरकार के “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत भी आवेदन देकर समाधान की मांग की गई थी, परंतु उस पर भी अमल नहीं किया गया।
समस्या के समाधान में हो रही देरी से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर तार को सुरक्षित ऊंचाई पर करने या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।
इस संबंध में कनीय अभियंता महादेव महतो (बंशीधर नगर) ने बताया कि मैदानी कर्मचारियों की लापरवाही के कारण उन्हें सूचना देर से मिली। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही तार की मरम्मत कर उसे उचित ऊंचाई पर कर दिया जाएगा।
Read Time:2 Minute, 36 Second