
गढ़वा, झारखंड । प्रदेश प्रतिनिधि झारखंड प्रदेश कांग्रेस, अभिजीत कमल ने वर्तमान वैश्विक परिस्थिति में केंद्र सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल करार देते हुए कहा है कि देश आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी स्वतंत्र और सशक्त पहचान बनाने में असफल साबित हो रहा है। केंद्र सरकार की नीतियां लगातार अमेरिका के दबाव में झुकती हुई नजर आ रही हैं, जिसका सीधा खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विदेश नीति की कमजोरी के कारण देश में डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में एलपीजी की किल्लत ने आम जनजीवन को और भी कठिन बना दिया है। गरीब, मध्यम वर्ग और ग्रामीण परिवार इस महंगाई के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
अभिजीत कमल ने यह भी कहा कि घरेलू गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के कारण फीकी पड़ी त्योहार की रौनक आम जनता की परेशानियों को और उजागर करती है। जहां पहले त्योहार खुशी और उत्साह का प्रतीक होते थे, वहीं आज लोग जरूरी खर्चों को लेकर चिंतित हैं और त्योहार मनाने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जब हर आपदा और संकट के समय गांव ही देश की रीढ़ बनकर खड़े होते हैं, तब आज वही ग्रामीण अर्थव्यवस्था बदहाली के दौर से गुजर रही है। किसानों, मजदूरों और छोटे व्यवसायियों की स्थिति लगातार खराब हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल अपनी विदेश नीति की समीक्षा करे, देशहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वतंत्र निर्णय ले तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए विशेष पैकेज और योजनाएं लागू की जाएं, ताकि गांव और किसान फिर से आत्मनिर्भर बन सकें।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
Leave a Reply