
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । थाना क्षेत्र से होकर गुजरती रांची–वाराणसी फोरलेन इकोनामिक कॉरिडोर बाईपास सड़क पर बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना के बाद जाम व हंगामा के मामले में रमना थाना ने उपद्रवियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। हालांकि मामले में कितने नामजद व कितने अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि एसडीपीओ श्री बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह ने की है।
विदित हो कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद मुआवजा, आश्रित को नौकरी तथा सर्विस लेन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक फोरलेन के साथ-साथ पुरानी सड़क को जाम कर दिया था। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।
जाम के दौरान किसी ने पथराव कर दिया जिसके कारण भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी भांजना पड़ा। इस दौरान एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक पुलिस जवान के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।