
बिशुनपुरा (गढ़वा), 5 मई 2026:
बिशुनपुरा थाना क्षेत्र के मेन बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में 1 मई की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से चोरी की नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर ने दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 37,000 रुपये नकद के साथ ‘ऊँ’ अंकित सोने का लॉकेट, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप और नथिया चुरा ली थी। इस मामले में 2 मई 2026 को बिशुनपुरा थाना में कांड संख्या-14/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महुलिया गांव निवासी मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल (23 वर्ष) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 22,500 रुपये नकद, एक जोड़ी सोने के टॉप, ‘ऊँ’ अंकित सोने का लॉकेट और एक की-पैड मोबाइल बरामद किया। आरोपी ने बताया कि बाकी राशि खर्च हो गई या नशे की हालत में कहीं गिर गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में नवंबर 2025 में रमना थाना क्षेत्र में 50,000 रुपये की चोरी की घटना में भी शामिल रहा है, जिसका मामला पहले से दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस सफलता को क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।