अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । भूमि नामांतरण कार्य में अनियमितता और अवैध राशि लेने के आरोप में रमना अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक दिवाकर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी ने भूमि नामांतरण के नाम पर जरूरतमंद लोगों से अवैध वसूली किए जाने का मामला उठाया था। शिकायत सामने आने के बाद उपायुक्त ने रमना अंचल अधिकारी से जांच प्रतिवेदन तलब किया था। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत दिवाकर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय भंडरिया अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश भी दिया गया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।