
मझिआँव से संजीव सिंह की रिपोर्ट
गढ़वा जिला के मझिआँव प्रखंड अंतर्गत सोनपुरवा पंचायत के चंद्रपुरा ग्राम में विकास की एक नई कड़ी जुड़ गई है। क्षेत्र के माननीय विधायक श्री नरेश प्रसाद द्वारा बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
निर्माणाधीन यह सड़क हरीगवां मोड़ से बड़ी नहर तक तथा जोखू प्रजापति के घर से साह टोला, चंद्रपुरा होते हुए बड़ी नहर तक बनाई जाएगी। लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी, क्योंकि बरसात के दिनों में यहां आवागमन काफी कठिन हो जाता था। कीचड़ और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री नरेश प्रसाद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में और भी विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि गांव की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र और भी प्रगति करेगा।