
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । प्रखंड के कर्णपुरा गांव में लगभग 10 फीट लंबे अजगर के दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया की अजगर ने एक सियार को अपना निवाला बना लिया था। इसी दौरान लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद गांव में इसकी चर्चा फैल गई।
हालांकि ग्रामीणों ने जागरूकता का परिचय देते हुए अजगर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तत्काल सर्प मित्र एवं वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सर्प मित्र सुनील कुमार गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी ध्रुव कुमार तथा सहयोगी बाबूलाल गुप्ता की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।
सर्प मित्र सुनील कुमार गुप्ता ने कहा की वन्यजीवों के प्रति लोगों की सोच अब सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। लोग वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय उनके संरक्षण के लिए आगे आ रहे हैं, जो पर्यावरण और जैव विविधता के लिए अच्छी बात है।
वहीं वन विभाग के अधिकारी ध्रुव कुमार ने कहा की इस सफल रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी जागरूकता और सहयोग के कारण अजगर को सुरक्षित बचाया जा सका। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर घबराने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित बचाया जा सके।