ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

गढ़वा। जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, संध्या में गुरुवार को जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह ने किया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक, शैक्षणिक एवं यातायात संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय सावधानी बरतना तथा यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही धूम्रपान निषेध एवं नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर विद्यालय आने, निर्धारित पोशाक में उपस्थित होने तथा अनुशासन का पालन करने की भी सलाह दी। थाना प्रभारी ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और स्वच्छता जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों के साथ भी संवाद किया गया। इस दौरान पूर्व की शिक्षा प्रणाली, वर्तमान शिक्षा व्यवस्था तथा नई शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मोहम्मद मेराज अंसारी, पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार यादव, सुरेंद्र कुमार सिंह, अवधेश यादव, एस.के. सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
Leave a Reply