*काली मंदिर परिसर पर ध्यान दे नगर परिषद : धीरज दुबे*
गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने नगर परिषद का ध्यान शहर के काली मंदिर परिसर की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए अविलंब आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्रों में शामिल काली मंदिर परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा ऋतु के कारण मंदिर परिसर में जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है, जबकि परिसर में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इससे न केवल श्रद्धालुओं बल्कि राहगीरों एवं आसपास के विद्यार्थियों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धीरज दुबे ने कहा कि मुख्य सड़क से मंदिर परिसर तक पहुंचने के लिए एक बेहतर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। बरसात के दिनों में वर्तमान मार्ग कीचड़युक्त हो जाने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी असुविधा होती है। उन्होंने नगर परिषद से मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कूड़े का तत्काल उठाव कराने तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर परिसर में लगा चापाकल लंबे समय से खराब है, जिससे श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए खराब चापाकल की शीघ्र मरम्मत कराई जाए अथवा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्षा ऋतु के दौरान छायादार पौधे लगाए जाएं तथा रात्रि में पर्याप्त रौशनी हेतु लाइट की व्यवस्था की जाए ताकि लोग सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
धीरज दुबे ने कहा कि नगर परिषद को केवल काली मंदिर ही नहीं, बल्कि शहर के सभी धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने वर्षा जल की समुचित निकासी के लिए नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग करते हुए कहा कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए शहर में समय-समय पर डीडीटी का छिड़काव तथा फॉगिंग मशीन के माध्यम से मच्छररोधी अभियान चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि नगर परिषद जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगी, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply