बड़ी खबर झारखंड के गुमला से है जहां गांव में घुसे गजराज को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे ग्राम प्रधान को हाथी ने पटक कर मार डाला
गुमला के कामडारा में हाथी के हमले में हांजड़ा गांव के ग्राम प्रधान की मौत हो गई। ग्राम प्रधान का नाम बुधुआ मुंडा उर्फ टुहु मुंडा बताया जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 52 वर्ष थी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से खदेड़ने के दौरान जंगली हाथी आक्रामक हो गया । हाथी ने प्रधान पर हमला कर दिया। गांव के लोगों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन इसी दौरान हाथी ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसमें गंभीर चोट लगने के कारण ग्राम प्रधान की मौत हो गई। घटना बुधवार की रात लगभग दस बजे के आसपास हुई।
इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बसिया वनप्रमंडल के वनकर्मियों और कामडारा पुलिस को दी। गुरुवार की सुबह मे बसिया वनप्रमंडल के वनकर्मी और कामडारा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया। वन विभाग के कर्मियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रुप मे 20 हजार रुपए दिए और कहा कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग के ओर से उन्हें मुआवजा की राशि दी जाएगी।