*मीडिया समाज का एक अहम स्तंभ, वह अपनी जिम्मेदारी समझकर करें रिपोर्टिंग: उपायुक्त पलामू * *जिला ब्यूरो चीफ लवकुश कुमार सिंह की रिपोर्ट **
पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा: खबर को पूरी जिम्मेदारी के साथ दें। मीडिया को ‘सेंसेशनलिज्म’ से बचना चाहिए
केंद्रीय संचार ब्यूरो डाल्टनगंज द्वारा उसी जगह जागरूकता कार्यक्रम और प्रदर्शनी का आयोजन
सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित पत्र सूचना कार्यालय रांची द्वारा क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘ वार्तालाप’ आयोजित
मेदिनीनगर पलामू
केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विभाग पत्र सूचना कार्यालय, रांची द्वारा पलामू जिला प्रशासन के सहयोग से आज दिनांक 27 जून 2023 को जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति भवन में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र में अपर महानिदेशक पत्र सूचना कार्यालय, रांची श्री अखिल कुमार मिश्रा, पलामू उपायुक्त श्री आंजनेयुलू दोड्डे, पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त श्री रवि आनंद, डीएफओ श्री सौमित्र शुक्ला, सीआरपीएफ 134 बटालियन के कमांडेंट श्री सुदेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क श्री आनंद, भाषा (पीटीआई) के वरिष्ठ पत्रकार श्री इंदुकांत दीक्षित, गांडीव अख़बार के संपादक श्री अमरकांत सिंह, खबर मंत्र के ब्यूरो चीफ श्री उदय चौहान अतिथि वक्ता के रूप में शामिल हुए। साथ ही जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ट अधिकारीगण, पलामू के गणमान्य लोगों तथा वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्तिथि भी रही।
अतिथियोँ द्वारा दीप प्रज्जवलित कर वार्तालाप की शुरुआत की गई, जिसके उपरांत सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ, शॉल तथा स्मृति चिह्न भेंट कर विधिवत स्वागत किया गया।
अपने विषय प्रवेश सम्बोधन में पीआईबी रांची के अपर महानिदेशक श्री अखिल कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए वार्तालाप में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इस कार्यक्रम को सरकार और मीडिया की कड़ी को और मजबूत करने का माध्यम बताया।
उपायुक्त पलामू ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया पावरफुल है, अतः पत्रकार अपना रोल बखूबी निभायें और न्यूज की फैक्ट चेक करके ही छापे। सोशल मीडिया के बारे में उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता होने से समाज में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि आप खबर को पूरी जिम्मेदारी के साथ दें। मीडिया को ‘सेंसेशनलिज्म’ से बचना चाहिए।
सीआरपीएफ 134 बटालियन के कमांडेंट श्री सुदेश कुमार ने संस्था के कार्यक्षेत्र पर प्रकाश डाला। झारखंड में शांति बहाली के लिए किए जा रहे सीआरपीएफ के प्रयासों को भी मीडिया के सामने रखा, खासकर पर्यावरण सरंक्षण और स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
डीएफओ पलामू श्री सौमित्र शुक्ला ने जिले में जिन इच्छुक लोगों के पास पेड़ पौधे लगाने के लिए जमीन है उनको विभाग द्वारा छायादार, फलदार, आदि प्रकार के पौधे उपलब्ध कराने की उनके विभाग की स्कीम के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने विभाग के वन महोत्सव कार्यक्रम को मीडिया के मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।
उप विकास आयुक्त पलामू श्री रवि आनंद ने जिला प्रशासन के द्वारा तेज गति से चलाए जा रहे विकास कार्यों और प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीडिया को तेज गति से जानकारी पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। विभिन्न योजानाओ जैसे शहरी आवास मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, आदि के आए लाभुकों का भी उन्होंने स्वागत किया।
उप निदेशक जनसंपर्क श्री आनंद ने कहा कि सरकार और जनता के बीच मीडिया सेतु का काम करता है। जनसंपर्क के माध्यम से आमजनों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जागरूक किया जाता है।
भाषा एजेंसी के वरिष्ठ पत्रकार श्री इंदुकांत दीक्षित ने क्षेत्रीय मीडिया के प्रयासों को सराहा, और कहा कि अंचलों से आती नई खबरों से ही पत्रकारिता आज जिंदा है।
गांडीव अख़बार के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार श्री अमरकांत सिंह ने जमीनी स्तर पर पत्रकारों को आ रही दिक्कतों खासकर पहचान और पारिश्रमिक से जुड़ी समस्या को स्वीकारा, लेकिन साथ ही पत्रकारिता में जिस सामाजिक कार्य के ध्येय से लोग आते हैं उसको भी उन्होंने प्रमुखता से उजागर किया।
खबर मंत्र के ब्यूरो चीफ श्री उदय चौहान ने पत्रकारों को सकारात्मक रिर्पोटिंग को प्रमुखता देते हुए, उन्हें जनता और सरकार की कड़ी के रूप में कार्य करने की सलाह दी।
केंद्र सरकार के नौ वर्षों के सफल कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यशाला में जिन योजनाओ का लाभ आम जनों तक पहुंचा है, उसके बारे में उनके लाभुको ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर मंत्रालय के विभाग केंद्रीय संचार ब्यूरो, डाल्टनगंज द्वारा एक सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल पर एक जागरूकता कार्यक्रम एवम छोटी प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ, जिसमें स्कूली बच्चों ने भाग लिया। उनके बीच आयोजित क्विज, आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उप विकास आयुक्त, डीएफओ और बीडीओ सदर श्री अमिताभ भगत ने सम्मानित किया। उन्होंने अपने स्बोधन में आज के भव्य आयोजन की सराहना भी की।
आज संपन्न हुई वार्तालाप कार्यशाला का मंच संचालन पीआईबी से जुड़े क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री गौरव पुष्कर एवं श्री ओंकार नाथ पाण्डेय ने किया। इसकी सफ़लता के लिए समन्वय में भी इनका प्रमुख योगदान रहा। प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय , पलामू का इस आयोजन को सफल बनाने में प्रमुख योगदान रहा। प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय द्वारा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी।
Read Time:8 Minute, 51 Second