

सगमा प्रखंड अखिलेश राम की रिपोर्ट…..
सगमा (गढ़वा): भैया रुद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय, सगमा के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2025-26 हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना का विकास करना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना था।
समापन समारोह में बीपीएम कविता कुमारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह बच्चों के मानसिक संतुलन और शारीरिक सेहत को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से छात्र-छात्राओं को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिलता है।
इस प्रतियोगिता में सगमा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 20 शिक्षकों ने खेल संचालन और आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों ने बच्चों को तैयार करने और प्रोत्साहित करने में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई। खेलों के दौरान बच्चों ने अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया, जो दर्शकों और पदाधिकारियों के लिए प्रेरणादायी रहा।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। प्रतियोगिता में शामिल छात्रों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देती हैं और जिला व राज्य स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर खेल प्रतियोगिता शिक्षक प्रभात कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार यादव, शिक्षक सुल्तान अंसारी, पंकज राय, नंदकिशोर यादव, सुनय राम, जयराम प्रसाद यादव, निशा यादव, उषा यादव, अभिषेक गौतम, पीएलवी प्रफुल कुमार यादव, प्रदुमन मिंज, शिव शंकर लाल, आनंद कुमार, रामलाल मेहता, राजा रंजन मिश्रा, सुनील कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने आशा जताई कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहेंगे, जिससे ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को पहचान और अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड के खिलाड़ी भविष्य में राज्य ही नहीं, बल्कि देश का नाम भी रोशन करेंगे।