ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

विशुनपुरा (गढ़वा)। जिले के विशुनपुरा मुख्यालय अंतर्गत शुभलक्ष्मी वस्त्रालय और मुन्ना ज्वेलर्स में बीते बुधवार की रात हुई बड़ी चोरी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा। घटना के विरोध में स्थानीय व्यवसायियों ने एकजुट होकर करीब 30 घंटे तक बाजार बंद रखा, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ। दुकानें बंद रहीं, आवाजाही ठप रही और आम लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती चली गई।
व्यवसायियों से मिले झामुमो नेता दीपक प्रताप देव
घटना की गंभीरता को देखते हुए युवा समाजसेवी सह झामुमो नेता दीपक प्रताप देव विशुनपुरा पहुंचे। उन्होंने भुक्तभोगी व्यवसायियों और स्थानीय दुकानदारों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। व्यापारियों में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर त्वरित हस्तक्षेप की पहल की।
दीपक प्रताप देव ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सत्येंद्र नारायण सिंह से फोन पर बातचीत कर विशुनपुरा आने का आग्रह किया। उनकी पहल पर डीएसपी स्वयं विशुनपुरा पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसे व्यापारियों ने सकारात्मक कदम के रूप में देखा।
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
इस मौके पर दीपक प्रताप देव ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चोरी की घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जब तक चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषण व नकद राशि की पूरी बरामदगी नहीं होती, तब तक प्रशासन पर लगातार दबाव बनाया जाएगा।
उन्होंने बंशीधर नगर में आभूषण व्यापारी पर हुए हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां त्वरित कार्रवाई हुई, उसी तरह विशुनपुरा मामले में भी जल्द परिणाम सामने आएंगे।
डीएसपी ने किया विशेष जांच टीम का गठन
डीएसपी सत्येंद्र नारायण सिंह ने व्यवसायियों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और इसके उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है।
डीएसपी ने कहा कि टीम दिन-रात काम कर रही है, अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी गया सामान भी बरामद किया जाएगा। उन्होंने व्यवसायियों से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की।
व्यावसायिक संघ ने रखी कड़ी मांगें
इस दौरान व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने प्रशासन के समक्ष व्यापारियों की बात मजबूती से रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषण व नकद राशि की बरामदगी नहीं होती, तब तक व्यापारी वर्ग शांत नहीं बैठेगा। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, स्थायी पुलिस व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तंत्र मजबूत करने की मांग भी की।
30 घंटे बाद खुला बाजार, पर आंदोलन की चेतावनी बरकरार
डीएसपी के आश्वासन और दीपक प्रताप देव की सक्रिय भूमिका के बाद व्यवसायियों ने आपसी सहमति से करीब 30 घंटे बाद बाजार खोलने का निर्णय लिया। बाजार खुलते ही रौनक लौटी, लेकिन व्यापारियों ने साफ किया कि यह फैसला अस्थायी है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरी कांड का खुलासा नहीं हुआ, तो वे दोबारा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
विशुनपुरा जैसे शांत क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों और आम लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। अपराधियों की गिरफ्तारी और बरामदगी ही भरोसे की असली कसौटी होगी।