
खरौंधी प्रखंड से चंदेश कुमार पटेल की रिपोर्ट
खरौंधी। खरौंधी प्रखंड अंतर्गत सुंडी पंचायत में रविवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। फुदन राम के घर के समीप हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव और झामुमो नेता ताहिर अंसारी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा, “डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान देकर हमें अधिकार दिलाया है। सुंडी पंचायत में उनकी प्रतिमा स्थापित होना सराहनीय पहल है। अंबेडकर युवा क्लब के सभी साथियों को इसके लिए बधाई देता हूं। इस कार्य में मुझसे जो भी सहयोग होगा, वह पूरी तरह दिया जाएगा। मेरा प्रयास रहेगा कि भवनाथपुर विधानसभा के हर पंचायत में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित हो।
वहीं झामुमो नेता ताहिर अंसारी ने अपने संबोधन में कहा, “बाबा साहेब के आदर्शों पर चलकर ही उनके सपनों को साकार किया जा सकता है। आप सभी एकजुट होकर इस काम को आगे बढ़ाएं, हम आपके साथ हैं।”
प्रतिमा स्थापना के लिए गांव के ही फुदन राम, गोपाल राम और विनोद राम द्वारा जमीन दान किए जाने की भी जानकारी दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। सभा का संचालन विधायक प्रतिनिधि हिफाजत अंसारी ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व भवनाथपुर विधायक प्रत्याशी लेक्चरर के. पी. यादव, झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, मंडल अध्यक्ष अभिजीत किशोर , पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी श्यामसुंदर राम,लल्लू राम, सुदेश्वर राम, विनोद यादव, अशोक ठाकुर, दीनानाथ बैठा, महिला मोर्चा की संगीता देवी, सुनैना देवी सहित दर्जनों स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।