बंशीधर नगर (गढ़वा):- उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंगरदह में शनिवार को छात्र-छात्राओं के बीच कोविड-19 काल के मध्यान भोजन की प्रतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया। राशि का वितरण चितविश्राम पंचायत की मुखिया सनिधा सोनी, पंसस मृदुला द्ववेदी व सीआरपी संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से किया। मुखिया सनिधा सोनी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि कोरोना काल में विद्यालय बंद होने पर मध्यान भोजन का संचालन नहीं हुआ था। यह राशि मध्यान भोजन के एवज में आप सबों को दिया जा रहा है। आप सभी बच्चे मन लगाकर पढ़े और अपने माता-पिता के साथ-साथ गांव, समाज, राज्य व देश का नाम रोशन करें। पंचायत समिति सदस्य मृदुला द्विवेदी ने उपस्थित ग्रामीणों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों व छात्र-छात्राओं से कहा कि विद्यालय आपका है, आप इसे अंगीकार करें। सरकार आप सभी बच्चों के लिए पुस्तक, छात्रवृत्ति सहित कई अन्य सुविधाएं मुहैया करा रही है। सीआरपी संजय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य व शिक्षक अभिभावकों से समन्वय बनाकर विद्यालय विकास के साथ-साथ छात्र-छात्राओं में गुणात्मक सुधार कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति का बैठक हर माह 25 तारीख को निर्धारित है। आप सभी बैठककर विद्यालय की समस्याओं पर चर्चा कर निदान कर सकते हैं। मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजू सिंह, प्रधानाध्यापिका रागिनी रवानी, वार्ड सदस्य राधा रानी, शकुंतला देवी, शिक्षक मनोज पांडेय, राजेश पांडेय, समिति सदस्य ललिता देवी, संयोजिका मीना देवी, अनिता देवी, अखिलेश राम, कलावती देवी, विमला देवी, अश्विनी कुमार सिंह, नरेंद्र सिंह, निक्कू पांडेय सहित विद्यालय के बच्चे व अभिभावक गण उपस्थित थे।
182 total views, 2 views today