बंशीधर नगर (गढ़वा):- श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के अनुयायियों द्वारा सत्संग उपयोजना केंद्र रेलवे स्टेशन रोड जंगीपुर के प्रांगण में सत्संग सह मातृ सम्मेलन का आयोजन रविवार की शाम किया गया। इसका शुभारंभ शंख ध्वनि के साथ दीप जलाकर किया गया। तत्पश्चात सत्यानुसारण पाठ व नारी नीति पाठ किया गया। सत्संग आश्रम देवघर के श्री श्री बड़मा के श्रावण माह में आविर्भाव होने के कारण यह कार्यक्रम श्री बंशीधर नगर अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में सत्संगियों द्वारा प्रतिदिन किया जा रहा है। सत्संग में धृति सुंदरलाल, अनीता सिन्हा, संजय मेहता, गीता देवी, निर्मला जायसवाल, सत्यवंती देवी, कमलेश श्रीवास्तव ने भजन प्रस्तुत किया। इष्ट चर्चा कार्यक्रम में ऋत्विक विजय नंदन प्रसाद सिन्हा, ऋत्विक धृति सुंदरलाल एवं उपस्थित लोगों ने श्री श्री बड़मा के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री श्री बड़मा का जीवन श्री श्री ठाकुर जी के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित था। वह हमेशा श्री श्री ठाकुर जी के आदेश का पालन करती थीं। उनके जीवन से हम सभी को एक प्रेरणा मिलती है कि हम सबों को अपने इष्ट या गुरु के प्रति समर्पित रहना चाहिए। अपने इष्ट व गुरु का आदेश पालन करना सर्वोत्तम कर्तव्य होनी चाहिए। कार्यक्रम का विश्राम जय राधे-राधे गायन व जय उद्घोष के साथ किया गया। शक्तिदास सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर शक्ति दास सिन्हा, उत्कर्ष सिन्हा, लक्ष्य, धृति दीप्ति, प्रीति सिन्हा, वृंदा देवी, माला देवी, सुप्रिया सहित कई गुरु भाई-बहन उपस्थित थे।
Read Time:2 Minute, 28 Second
