मंत्री मिथिलेश 1000 कांवरियों को भेजेंगे देवघर
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री सह गढ़वा रंका विधानसभा के विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर 22 जुलाई को लगभग 1000 कांवरियों को देवघर बाबा बैजनाथ के दर्शन हेतु रवाना करेंगे। रवाना करने से पूर्व कांवरियों के लिए कल्याणपुर स्थित उनके आवास पर भोजन की व्यवस्था की गई है। रास्ते में नाश्ता हेतु कांवरियों को ठेकुआ और नीमकी भी मंत्री प्रदान करेंगे। मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर विगत कई वर्षों से कांवरियों को देवघर भेजने का काम करते आ रहे हैं। चुनाव जीतने से पूर्व भी उनके द्वारा इस तरह के आयोजन किए जाते रहे हैं। कोरोना के कारण विगत 2 वर्षों से यह आयोजन बंद था। इस वर्ष श्रावणी मेला में बाबा भक्तों का उत्साह गजब का बना हुआ है। गढ़वा से कांवरियों का जत्था बाबा बैजनाथ, बासुकिनाथ, राजगीर और बोधगया होते हुए वापस लौटेंगे। देवघर यात्रा के रास्ते में कटोरिया के बड़ा जमादा में कांवरियों के लिए भोजन, विश्राम एवं रात्रि में भक्ति जागरण की व्यवस्था की गई है।