Read Time:3 Minute, 19 Second


आर.पी. कॉलेज में मना योग दिवस
गढ़वा । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एकल विद्यालय के तत्वावधान में शहर के कल्याणपुर स्थित आर. पी. कॉलेज में योग दिवस मनाया गया । सेवानिवृत शिक्षक वंशीधर ने एकल विद्यालय और कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं, कालेज कर्मियों सहित उपस्थित अन्य लोगों को योगाभ्यास कराया । साथ ही इससे होनेवाले लाभ की जानकारी दी ।
आर. पी.नर्सिंग कॉलेज के निदेशक डॉक्टर पातंजली केसरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया । इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर है । यह विद्या केवल व्यायाम नहीं बल्कि तन, मन और आत्मा को जोड़ने का काम करती है । वर्तमान जीवनशैली में योग काफी महत्वपूर्ण है । हमारे स्वास्थ्य पर इसका साकारात्मक प्रभाव पड़ता है । योग से हम विभिन्न प्रकार की बीमारियों से निजात पा सकते हैं । वर्तमान में हमारे सोने, खाने रहन-सहन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है । सेहतमंद और खुशहाल ऊर्जा से भरपूर जिंदगी के लिए योग आवश्यक है ।
योग प्रशिक्षक बंशीधर जी ने कहा कि योगाभ्यास प्रत्येक दिन करना चाहिए । इससे होनेवाले लाभ की जानकारी सभी लोगों को मिले इसलिए हमलोग 21 जून को सामूहिक रूप से योग दिवस मनाते हैं । वर्तमान भाग दौड़ की जिंदगी में योग हमें अपने भीतर झांकने शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है । अभियान प्रमुख जितेंद्र कुमार ने कहा कि योग स्वयं, दुनिया और प्रकृति के साथ एकता की भावना की खोज करने का तरीका है l
मौके पर अभियान के अंचल संस्कार शिक्षा सचिव गौतम कुमार, रामनाथ राम, राम अवतार राम, आचार्या रूपांजलि कुमारी, पुष्पा देवी, संध्या देवी, आरपी कॉलेज के प्राचार्य मनु जेम्स, प्रद्युम्न कुमार, शेखर कुमार, सचिन कुमार, प्रीति कुमारी, सुप्रिया कुमारी, अभिलाषा भारती, सहित कॉलेज की छात्र – छात्राएं उपस्थित थी।

