
खरौंधी प्रखंड से चंदेश कुमार पटेल की रिपोर्ट
खरौंधी। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर खरौंधी प्रखंड के ग्राम चौरिया स्थित पटेल चौक के समीप उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष श्यामसुंदर राम शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब के आदर्शों को याद करते हुए समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश को एक सशक्त संविधान प्रदान किया जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को अपनाएं, शिक्षा को प्राथमिकता दें तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आगे आएं।
इस मौके पर युवा मोर्चा के जिला कार्यसमिति सदस्य मिथलेश राम, यमुना राम(झामुमो सदस्य), गौरव कुमार रवि, अजय चौधरी, विजय चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

