
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट
रमना । प्रखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित रमना प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और यादगार रहा. देर रात तक चले इस मुकाबले में वीर कुंवर बगौंधा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिरला ओपन माइंस, नगर ऊंटारी की टीम को 4 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.फाइनल मैच को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे, जिससे पूरा मैदान खचाखच भरा रहा और हर चौके-छक्के पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वीर कुंवर बगौंधा की टीम ने आक्रामक शुरुआत की. टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही तेज रन बनाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा. निर्धारित 10 ओवर के इस मैच में टीम ने 107 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने अहम योगदान देते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिरला ओपन माइंस,नगर ऊंटारी की टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया.बेहतर शुरुआती के बाद टीम के बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए मैच को अंतिम ओवर तक खींच दिया. आखिरी ओवर में जीत के लिए टीम को 19 रनों की जरूरत थी, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया. हालांकि, वीर कुंवर बगौंधा के गेंदबाजों ने दबाव में शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को निर्धारित 10 ओवर में 103 रन पर ही रोक दिया और 4 रनों से जीत हासिल की.मैच के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. शानदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के कारण मुकाबला अंत तक अनिश्चित बना रहा.
फाइनल मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव (छोटे राजा)उपस्थित रहे. उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर थाना प्रभारी आकाश कुमार, युवा समाजसेवी मुन्ना प्रसाद एवं स्थानीय मुखिया दुलारी देवी,सिलिदाग मुखिया अनीता देवी,पूर्व प्रमुख मृत्युंजय कुमार सिंह,युवा व्यवसाई सुनील गुप्ता झामुमो नेता अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से शील्ड सहित प्रोत्साहन राशि का पुरस्कार प्रदान किया.अपने संबोधन में विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है.उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने की बात कही.टूर्नामेंट के अध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न टीमों की भागीदारी रहती है. उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है.इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राकेश पटेल,उप सचिव गोरव यादव,राहुल कुमार, रानू,संदीप,परवेज,गौरव,पंकज,विक्की,प्रियांशु,राजू सहित कई लोगों का नाम शामिल है.मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा,कार्यकम का स्पॉन्सर अनिल सोनी,जावेद खान, बबलू गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.कार्यक्रम का संचालन दिनेश गुप्ता ने की।