गढ़वा जिला से बड़ी ख़बर आई है जहां भाई-बहन आग की चपेट में आने से ज़िंदा जले, पड़ोसी का एक बच्चा घायल
बच्चों के परिजन महुआ चुनने जंगल गए थे और बच्चे अकेले खेल रहे थे ।
गढ़वा जिला के बड़गड़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत टेहरी पंचायत के कोरवाटोली गांव में शनिवार को घर में आग लगने से भाई और बहन जिंदा जल गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य बच्चा घायल हो गया।
आग लगने की सुचना पर पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना में गंभीर रूप से झुलसे तीसरे बच्चे को इलाज के लिए एंबुलेंस से तत्काल भंडरिया सामुदायिक अस्पताल भेज दिया
मृत बच्चों में गांव की ही राजनाथ कोरवा चार वर्षीय पुत्र चंद्रेश कुमार और तीन साल की बेटी रूबिता कुमारी शामिल है। जबकि पड़ोसी बिगन कोरवा का तीन वर्षीय पुत्र चंदन कोरवा आग से बुरी तरह झुलस गया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय तीनों बच्चे घर पर अकेले थे। जबकि राजनाथ और बिगन अपनी पत्नियों के साथ महुआ चुनने घर से दूर निकल गए थे।
तीनों बच्चे एक अन्य पड़ोसी टिगड़ा कोरवा के घर के बरामदे पर खेल रहे थे। टिगड़ा के घर में भी कोई नहीं था। उसी क्रम में बरामदे में रखे पुआल में आग लग गई। बरामदे के दरवाजे के रूप में लगी चटाई में भी आग पकड़ लिया। बच्चों को कुछ समझ नहीं आया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना में राजनाथ के दोनों बच्चे बेटा चंद्रेश और बेटी रूबिता आग की लपटों के बीच घिर गई। चंदन किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा। घटना में दोनों भाई बहन जिंदा जल गए । वहीं घायलवस्था में चंदन नदी की ओर भाग गया।
Read Time:2 Minute, 24 Second