दो मुंहे सांप जैसा है भाजपा नेताओं का चरित्र – धीरज
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा नेताओं के चरित्र की तुलना दो मुंहे सांप से की है। श्री दुबे ने कहा कि जब सदर अस्पताल की व्यवस्था लचर होती है तो भाजपा के नेतागण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सरकार पर सवाल उठाते हैं और आज व्यवस्था सुधारने के लिए जब संगठन के लोगों ने एक्शन लेने का काम किया हैं तो वही भाजपा नेता भ्रष्टाचारियों के साथ खड़े दिख रहे हैं। यह बच्चों की तरह उस कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं कि हारेंगे तो हूरेंगे और जीतेंगे तो थूरेंगे। यह लड़ाई जनहित से जुड़ा हुआ है अतः भाजपा नेताओं को ऐसी ओछी राजनीति से बाज आना चाहिए।
धीरज ने कहा कि झामुमो का प्रतिनिधिमंडल तानाशाही और मनमानी रवैया अपना रहे सदर अस्पताल के पदाधिकारियों से मिलने गई थी जहां मौजूद उपाधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल के सवालों का अभद्रता और अव्यवहारिकता से जवाब दिया। यहां तक की कुर्सी पर बैठी जिला परिषद अध्यक्ष को हाथ पकड़ कर उनके जगह से उठाने का कोशिश किया। इसी को लेकर जब झामुमो के कार्यकर्ता और पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए शिकायत ऊपर तक पहुंचाने की बात कही तो लगभग 12 से 24 घंटे बाद झूठा षड्यंत्र को फ्रेम करके सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी, उपाधीक्षक और डीपीएम ने बेबुनियाद आरोप लगाते हुए अपने सहकर्मी तथा जनता को गुमराह करने का काम किया है। सच को छुपाने के लिए उनके द्वारा सदर अस्पताल के मौजूदा समय की सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दी गई है। सदर अस्पताल में तीन लोग गिरोह बनाकर इसे लूट-खसोट का अड्डा बना दिए है और सवाल पूछने पर मनगढ़ंत आरोप लगाने का काम कर रहे हैं। ऐसा करने से उनकी नाकामी छूपने वाला नहीं है तथा जब सच सामने आएगा तो जनता के साथ-साथ इनके सहकर्मी भी इनके क्रियाकलाप पर थूकने का काम करेंगे। इस भ्रष्टाचार की राह में कई भाजपा नेताओं की भी संलिप्तता है जिन्हें चिकित्सा पदाधिकारी अपने कार्यालय में बैठाकर चाय पिलाते हैं और सरकारी कामों में भागीदार बनाए हुए हैं। बहुत जल्द इनके काले करतूतों की फाइल बनाकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी। गढ़वा जिले में किसी भी कीमत पर लोकतंत्र की हत्या करने वाले और तानाशाही रवैया अपनाने वाले अफसरों को मनमानी करने तथा लूट की छूट की आजादी नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply