Read Time:1 Minute, 39 Second

साढ़े तीन महीने पहले ही किया गया है नये समाहरणालय का उदघाटन
गढ़वा : अपने उदघाटन के साढ़े तीन महीने बाद ही नये समाहरणालय के निर्माण की पोल खुलने लगी है. गुरूवार को नये समाहरणालय के स्थापना कार्यालय में समाहरणालय की छत के प्लास्टर का काफी हिस्सा नीचे गिर पड़ा. गनिमत यह रही की जहां छत का प्लास्टर गिरा, वहां उस समय कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना घटित हो सकती थी. जिस स्थापना कार्यालय की छत गिरी है, वह उपायुक्त कार्यालय के बगल में पहली मंजिल पर स्थित है. बताया गया कि यह प्लास्टर स्थापना कार्यालय की सहायक ऋचा सिंह के टेबल के समीप गिरी है. उस समय ऋचा सिंह अपने कुर्सी से कुछ दूर पर कोई कागजात ढुंढ रही थी. बताया गया कि करीब 70 करोड़ रूपये की लागत से हाल में ही कल्याणपुर में नया समाहरणालय बनाया गया है. तीन मार्च को इसका उदघाटन मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने किया था. जबकि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद आठ अप्रैल से इसमें कामकाज विधिवत रूप से प्रारंभ किया गया है.




