

सगमा प्रखंड से अखिलेश राम की रिपोर्ट…..
सगमा(गढ़वा): सगमा प्रखंड अंतर्गत पुतुर गांव से दुखद समाचार सामने आया है। गांव के 82 वर्षीय विश्वनाथ यादव का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पिछले लगभग 20 दिनों से सांस की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
परिजनों के अनुसार, उनकी लगातार तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची के रिम्स हॉस्पिटल और उसके बाद वेदांता हॉस्पिटल, रांची में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। अंततः मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अपने ही घर पर अंतिम सांस ली। विश्वनाथ यादव गांव के गणमान्य व्यक्तियों में गिने जाते थे। वे अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृत्यु के बाद गांव के लोग उनके घर पहुँचकर शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं। परिजनों के आंगन में ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी है। हर कोई उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद कर भावुक हो रहा है। विश्वनाथ यादव के निधन को गांव के लोग अपूरणीय क्षति मान रहे हैं। उनके परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है और लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।