
विशुनपुरा
प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर अंचल अधिकारी (सीओ) खगेश कुमार ने छापेमारी कर अवैध बालू लदा एक लाल रंग के ट्रैक्टर पकड़कर विशुनपुरा थाना को सौंप दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला खनन विभाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई.
सीओ खगेश कुमार ने बताया कि अवैध बालू का परिवहन किया जा रहा था. वाहन को जब्त कर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है तथा अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
बालू माफियाओं पर प्रशासन की नजर
क्षेत्र में लंबे समय से बालू माफियाओं की सक्रियता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. सूत्रों के अनुसार, रात के अंधेरे में नदी घाटों से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक सप्लाई की जा रही है. इससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है, वहीं पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है.
अवैध खनन में संलिप्त मुख्य सरगनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे
लगातार चलेगा अभियान
सीओ ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा. किसी भी कीमत पर अवैध बालू कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में खलबली देखी जा रही है.