ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

विशुनपुरा प्रखंड में एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। पंचायत सचिव जगदीश राम का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त होने के उपलक्ष्य में प्रखंड मुख्यालय पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के बाद जब वे ब्लॉक प्रमुख दीपा कुमारी से मिलने उनके कक्ष में पहुंचे, तो माहौल अचानक भावनाओं से भर गया।
प्रमुख दीपा कुमारी ने अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया। लेकिन असली क्षण तब आया जब जगदीश राम ने हाथ जोड़कर अभिवादन करना चाहा। उसी समय प्रमुख ने उन्हें रोकते हुए कहा, “कल तक आप हमारे कर्मी थे, आज से मेरे अभिभावक।” यह कहते हुए दीपा कुमारी ने आगे बढ़कर उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया। इस अप्रत्याशित और सम्मानजनक व्यवहार ने वहां उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में प्रमुख दीपा कुमारी ने कहा कि जगदीश राम का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा है। उन्होंने हमेशा संवैधानिक और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया और प्रखंड के लोगों के लिए बेहतरीन योगदान दिया। उनका यह समर्पण आने वाले कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उप प्रमुख प्रतिनिधि अजय पाल ने भी उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में पैसा कमाना आसान है, लेकिन ऐसा सम्मान पाना त्याग और ईमानदारी से ही संभव है। उन्होंने नए कर्मियों से अपील की कि वे जगदीश राम के कार्यों से प्रेरणा लें।
इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि चंदन मेहता, मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण यादव, इंद्रदेव पाल समेत कई प्रखंड व अंचल कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे। यह विदाई समारोह एक मिसाल बन गया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।