
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । थाना क्षेत्र में बाल मजदूरी कराने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई श्रम विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए जांच अभियान के बाद हुई।
जानकारी के अनुसार नौ अप्रैल को श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजेश कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक अरविंद कुमार, संरक्षण अधिकारी दीपक कुमार तथा एंटी चाइल्ड लेबर यूनिट के रजनीश कुमार की टीम ने रमना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक प्रतिष्ठान में दो नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने का मामला सामने आया। टीम ने दोनों बच्चों को मुक्त कराते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी के आवेदन पर रमना थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच सहायक अवर निरीक्षक आशीष कुमार जायसवाल को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।