
खरौंधी । खरौंधी थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने एक अवैध बालू लदा टीपर जब्त किया है। यह कार्रवाई प्रखंड प्रमुख आभा रानी के पहल पर की गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे चंदनी गांव स्थित कर्बला के पास अंचलाधिकारी गौतम कुमार लकड़ा एवं सीआई अंकित कुमार सिंह ने अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश की ओर से सोन नदी से अवैध बालू लेकर आ रहे एक टीपर को पकड़कर जब्त कर लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वहीं एक ट्रैक्टर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रैक्टर सोन नदी से बालू लेकर चंदनी गांव में गिराने आया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन कई टीपर उत्तर प्रदेश से अवैध बालू लेकर खरौंधी क्षेत्र में प्रवेश करते हैं, जिससे झारखंड सरकार को भारी राजस्व क्षति हो रही है।
अंचलाधिकारी गौतम कुमार लकड़ा ने बताया कि छापेमारी के दौरान टीम में केवल दो लोग थे, जिसका फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक भाग निकला। जब्त टीपर के मालिक द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है की अवैध बालू कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।