

*सब न्यूज़ कॉर्डिनेटर हेड दयानन्द यादव की रिपोर्ट*
गढ़वा। झारखंड में पिछले सात-आठ महीनों से वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान नहीं होने से जिले के हजारों वृद्ध, विधवा और असहाय लाभुक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पेंशन की राशि ही कई बुजुर्गों के लिए भोजन, दवा और कपड़े का एकमात्र सहारा थी। लेकिन महीनों से पेंशन बंद रहने के कारण उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण कई बेसहारा बुजुर्ग दवा और भोजन के अभाव में जीवन-मरण से संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कांडी प्रखंड के सिवरी गांव निवासी वृद्ध केश्वर बियर की पेंशन मिलने की आस में मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी कमोड़ा कुंवर की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। इसी तरह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेंशन के अभाव में कई बुजुर्ग लाभुकों की मौत होने की बात सामने आ रही है।
ग्रामीण सुरेंद्र सिंह, विनय सिंह सहित अन्य लोगों का कहना है कि सात-आठ महीने से पेंशन नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। जिन लोगों के लिए एक हजार रुपये की मासिक पेंशन जीवनयापन का मुख्य आधार थी, वे आज दाने-दाने को मोहताज हैं।
रामलाला दुबे ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा वृद्ध, विधवा और जरूरतमंद लाभुकों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अविलंब बकाया पेंशन का भुगतान कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो गांव-गांव के पेंशन लाभुक सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
निवेदक: रामलाला दुबे भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य।

Leave a Reply