बिश्रामपुर प्रखंड से मकबूल अंसारी कि रिपोर्ट
पलामू जिले के बिश्रामपुर प्रखंड अंतर्गत नावाडीह विद्युत शक्ति उपकेंद्र में लगातार बिजली कटौती की समस्या ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आए दिन हो रही बिजली बाधित होने की मुख्य वजह उपकेंद्र में स्टाफ की भारी कमी बताई जा रही है।
स्थानीय विद्युत कर्मियों का कहना है कि उपकेंद्र में फॉल्ट आने पर पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण उसे समय रहते ठीक नहीं किया जा पाता, जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। उन्होंने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले एक साल से लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विद्युत कर्मियों ने जानकारी दी कि इस उपकेंद्र में एजेंसी द्वारा 12 से 13 कर्मियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन काम सिर्फ 4 लोग ही कर रहे हैं। इससे काम का दबाव इन सीमित कर्मचारियों पर बढ़ गया है और किसी भी तकनीकी गड़बड़ी को समय पर ठीक करना संभव नहीं हो पाता।
इसके अलावा उपकेंद्र क्षेत्र में लगे बिजली के तार और पोल भी जर्जर स्थिति में हैं, जो अक्सर फॉल्ट की वजह बनते हैं। साथ ही यह क्षेत्र जंगलों से घिरा हुआ है।
स्थानीय विद्युत कर्मियों ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या से कन्या विद्युत अभियंता को भी कई बार अवगत कराया है, लेकिन विभाग की तरफ से अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की घोर लापरवाही के चलते उन्हें रोजाना घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

