Read Time:2 Minute, 57 Second


गढ़वा जिला क्रिकेट के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। JSCA (झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन) के हालिया चुनाव में जिला प्रतिनिधि पद पर राघवेंद्र नारायण सिंह ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर गढ़वा को गौरवान्वित किया है। यह जीत न केवल उनके कुशल नेतृत्व और खेल भावना की जीत है, बल्कि गढ़वा के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम जनमानस की वर्षों की आशाओं और आकांक्षाओं का साकार रूप भी है।
राघवेंद्र नारायण सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। जेएमएम जिला कोषाध्यक्ष चंदन जयसवाल, पूर्व प्रमुख मनीष कमलापुरी, जेएमएम नेता राजा सिंह और प्रियम सिंह ने उनसे मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी ने एकमत से कहा कि राघवेंद्र की जीत से गढ़वा के युवाओं के लिए क्रिकेट के क्षेत्र में नए रास्ते खुलेंगे और अब जिले की प्रतिभाएं भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी।
गढ़वा वर्षों से क्रिकेट प्रतिभाओं का धनी रहा है, लेकिन उचित प्रतिनिधित्व के अभाव में खिलाड़ियों को सही मंच नहीं मिल पा रहा था। अब जब एक मजबूत, दूरदर्शी और खेलों के प्रति समर्पित नेतृत्व मिला है, तो गढ़वा क्रिकेट संघ के पुनर्गठन और विकास की संभावनाएं काफी प्रबल हो गई हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में यहां क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार होगा, नियमित टूर्नामेंट होंगे और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व चयन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राघवेंद्र नारायण सिंह ने अपनी जीत को गढ़वा की जनता और क्रिकेट प्रेमियों को समर्पित करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ जिले में क्रिकेट की बुनियाद को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी वादा किया कि गढ़वा के हर युवा को खेलने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
