
*सब न्यूज कॉर्डिनेटर हेड दयानन्द यादव की रिपोर्ट*
झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल स्थित राम कृष्ण पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल बिक्री के दौरान ग्राहकों से अवैध रूप से अतिरिक्त राशि वसूलने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई जिसने पूरे गढ़वा जिले में हड़कंप मचा दिया।
आपको बता दें एक वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मी पर आरोप लगाया गया था कि वह गैलन में पेट्रोल देने के नाम पर ग्राहकों से करीब ₹200 प्रति गैलन अतिरिक्त वसूली कर रहा था।
वीडियो में जब ग्राहक ने इस अतिरिक्त राशि को लेकर सवाल किया तो कर्मी ने इसे पॉकेट खर्च बताया।
इसके बाद ग्राहक ने वीडियो को तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रशासनिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
कार्रवाई की पुष्टि करते हुए गढ़वा एसडीएम संजय कुमार पांडेय ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी साझा की।
एसडीएम के त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने संकट के वक्त जमकर सराहना की है।
लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया अब आम नागरिकों की आवाज बनने लगा है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ तुरंत कार्रवाई संभव हो रही है।
बताया जा रहा है कि राम कृष्ण पेट्रोल पंप इंडियन ऑयल से संबद्ध है और NH-39 पर मेराल क्षेत्र में स्थित है।
एसडीएम ने संकेत दिए हैं कि जिले के अन्य पेट्रोल पंपों की भी जांच की जाएगी ताकि ईंधन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।