रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय में शनिवार को ‘स्टेट लेवल क्रिएटर्स मीट 2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से राज्यभर के डिजिटल क्रिएटर्स ने भाग लिया। चयनित 70 डिजिटल क्रिएटर्स को विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया मतदाताओं तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रिएटर्स की जिम्मेदारी है कि वे केवल प्रमाणिक जानकारी साझा करें और मतदाताओं को जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को एक प्रति भरकर BLO को जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास सुरक्षित रखनी होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिन मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा हो जाएगा, उनका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकांश मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। जिन मतदाताओं की पहले से मतदाता सूची में मैपिंग हो चुकी है, उनका सत्यापन सामान्य प्रक्रिया के तहत पूरा कर लिया जाएगा। यदि किसी मतदाता की मैपिंग नहीं हो पाती है, तो निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी डिजिटल क्रिएटर्स से अपील की कि वे SIR से जुड़ी सही जानकारी, जागरूकता वीडियो और तथ्य आधारित कंटेंट अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, स्टेट ट्रेनिंग नोडल ऑफिसर देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, संजय कुमार, सुनील कुमार सिंह सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply