अरमान खान की रिपोर्ट//श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, सिरियाटोंगर में मातृ दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गौतम बुद्ध और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और नमन अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विद्यालय के उप निदेशक श्री युवराज सिंह ने अपनी माता जी के चरण धोकर भारतीय संस्कृति की जीवंत मिसाल प्रस्तुत की।
छात्रों ने भी अपनी माताओं के चरण धोकर एवं उनके मस्तक पर तिलक लगाकर उन्हें सम्मानित किया, जिससे भारतीय संस्कृति की गरिमा और मातृ पूजन की परंपरा को सजीव रूप में दर्शाया गया। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों के बीच कई मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्रों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं और भावपूर्ण गीतों से समां बाँध दिया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
हर माता-पिता ने मंच पर आकर अपनी माता के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता के कुछ शब्द साझा किए, जिससे वातावरण भावुक और गरिमामय हो गया। कार्यक्रम का संचालन कुशलता से गर्गी जायसवाल द्वारा किया गया और अंत में विद्यालय के माननीय प्राचार्य श्री रविश प्रजापति ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शिक्षक वृन्द श्री राजकुमार श्रीमती भावना ओझा और श्रीमती अनामिका प्रजापति तथा विद्यालय के काउंसलर श्री पीयूष और श्रीमती ऋचा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस विशेष अवसर ने न केवल माताओं के प्रति प्रेम और आदर को दर्शाया, बल्कि भारतीय संस्कृति की महानता को भी उजागर किया। शाला के डायरेक्टर श्री मनीष कुमार सिंह ने सभी माताओं को प्रणाम करते हुए मातृ दिवस की शुभकामनाएं ज्ञापित की।


