पलामू जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत कजुरु कला स्थित सुरक्षित वन क्षेत्र में मंगलवार देर रात अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को वन विभाग की टीम ने जब्त कर लिया। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उक्त मशीन को थाना विश्रामपुर आर. आई. टी. कार्यालय ले जाकर सुपुर्द किया।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। वन भूमि पर जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी, जो पूर्णतः अवैध है। मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी को जब्त करते हुए दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाने में आवेदन सौंपा गया है। कार्रवाई में वनकर्मी गौरव कुमार निराला, संदीप कुमार, अभिषेक कुमार पांडेय एवं मुन्ना चौधरी शामिल रहे।
सूत्रों की मानें तो उक्त क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय खनन माफिया अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, जिसे रोकने के लिए वन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।

