अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट ।

रमना। थाना क्षेत्र के मड़वानिया पंचायत स्थित पाल टोला में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने पांच अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, मोबाइल और नगदी की चोरी कर ली। एक ही रात पांच घरों में चोरी की वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, 15 अगस्त की देर रात चोरों ने लालजी पाल के घर का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर व अन्य सामान पर हाथ साफ किया। इसके बाद क्रमशः ललीता कुअंर,कुतुबुद्दीन अंसारी, रमेश बयार और सीता देवी के घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। बताया गया कि चोरों ने ललीता कुअंर के घर से सोने-चांदी के गहनों समेत हजारों रुपये नकद चोरी कर लिया। इसी तरह अन्य परिवारों से भी कीमती जेवर, नकदी और मोबाईल चोरी हुई।
पीड़ितों का कहना है कि कुल मिलाकर चोरों ने एक लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया है। सबसे बड़ी बात यह रही कि चोर गांव के पांच घरों में वारदात कर फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवारों ने इस बात को थाना प्रभारी रमना को लिखित आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चोरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो गांव में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी वारदातें,उद्वेदन नहीं
गौरतलब है कि इसी साल मार्च 2025 में सब्जी बाजार के सामने स्थित एक जेवर एवं बर्तन दुकान में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। चोरों ने उस समय करीब 45 लाख रुपये के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ किया था। इसके ठीक एक माह बाद अप्रैल 2025 में हरी गणेश मोड़ के समीप एक अन्य जेवर एवं बर्तन दुकान में चोरी की वारदात घटी, जिसमें लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी चोरी हो गए थे। इन दोनों मामलों का अब तक उद्भेदन नहीं हो सका है।लगातार हो रही चोरियों और पुराने मामलों के खुलासे में पुलिस की नाकामी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस यदि सक्रियता दिखाती तो चोरों का मनोबल इतना नहीं बढ़ता। लोग अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।