
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट
रमना । बीडीओ सह सीओ विकास पांडेय ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित रासायनिक खाद एवं बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक पंजी, बिक्री रजिस्टर और उपलब्ध खाद-बीज की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर किसानों को खाद एवं बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध उर्वरक की मात्रा का अभिलेखों से मिलान किया गया। अधिकारियों ने एक्सपायरी खाद, बीज और कीटनाशक की बिक्री नहीं करने तथा प्रत्येक बिक्री पर किसानों को रसीद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बीडीओ सह सीओ ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दुकानदारों को खाद वितरण के दौरान किसानों से आवश्यक दस्तावेज लेने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
मौके पर थाना प्रभारी आकाश कुमार एवं प्रभारी कृषि पदाधिकारी सह जनसेवक रविंद्र कुमार भी मौजूद थे।