
संवादाता संजीव सिंह
कांडी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने उपायुक्त गढ़वा को आवेदन सौंपकर प्रखंड प्रमुख पर कार्यालय कर्मी के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, 02 जून 2026 को पंचायत आवंटन से संबंधित एक हस्ताक्षरित पत्र को लेकर विवाद के दौरान प्रखंड प्रमुख श्री सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पिंकू पाण्डेय द्वारा कार्यालय कर्मी अनुप कुमार को अपने कक्ष में बुलाकर रिवॉल्वर तानने, मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कर्मचारियों ने इस घटना को अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय बताते हुए कहा है कि घटना के बाद प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में सरकारी कार्यों का निष्पक्ष एवं निर्भय वातावरण में संचालन प्रभावित हो रहा है।
आवेदन में उपायुक्त से दोषी के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रखंड कार्यालय परिसर एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि सभी कर्मचारी बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।