ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

विशुनपुरा, संवाददाता। देश के महत्वपूर्ण जनगणना अभियान में विशुनपुरा के प्रगणक सुरेंद्र कुमार यादव ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर मिसाल पेश की है। भीषण गर्मी और लगातार क्षेत्र भ्रमण के बावजूद उन्होंने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से सटीक जानकारी एकत्रित की और जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ संपन्न किया।
सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जनगणना के दौरान उन्हें अधिकांश लोगों का अपार स्नेह, सम्मान और सहयोग प्राप्त हुआ। कई ग्रामीणों ने उनसे नया मकान, शौचालय तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी अपेक्षाएं भी व्यक्त कीं, लेकिन उन्होंने अपने दायित्वों का पालन करते हुए इन विषयों को अलग रखते हुए केवल जनगणना संबंधी आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में ग्रामवासियों, संस्थागत अधिकारियों, सुपरवाइजर एवं प्रवेक्षकों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए वे सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हैं।
सुरेंद्र कुमार यादव ने कहा, “जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षकों ने इस राष्ट्रहित के कार्य में अपनी अहम भूमिका निभाई है और सरकार ने भी उनकी कार्यक्षमता एवं समर्पण को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व उन्हें सौंपा है।”
क्षेत्र में उनकी मेहनत और समर्पण की चर्चा हो रही है, वहीं ग्रामीणों ने भी उनके कार्य की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।

