ग्रामीण जिला ब्यूरो सुनील कुमार कि रिपोर्ट

बिशुनपुरा (गढ़वा)। बिशुनपुरा प्रखंड क्षेत्र के लाल चौक में प्रशासन द्वारा हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद एक बार फिर अवैध कब्जे की कोशिशें शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिन स्थानों को बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, वहां कुछ लोगों द्वारा दोबारा गुंटी और अस्थायी दुकानें लगाई जा रही हैं। इससे क्षेत्र में पुनः अतिक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बाजार क्षेत्र फिर से अतिक्रमण की समस्या से जूझने लगेगा।
इस संबंध में बिशुनपुरा के अंचलाधिकारी (सीओ) खगेश कुमार ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर यदि किसी व्यक्ति द्वारा दोबारा अवैध कब्जा किया गया है, तो उसे स्वयं हटाने का अवसर दिया जाएगा। ऐसा नहीं करने पर जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
वहीं, प्रखंड प्रमुख दीपा कुमारी ने बताया कि लाल चौक के समीप इसी महीने बाजार शेड निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे सब्जी विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्य में बाधा पहुंचाने या दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
प्रशासन के सख्त रुख और बाजार शेड निर्माण की योजना के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लाल चौक क्षेत्र जल्द ही अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित होगा।
Leave a Reply