
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना । झारखंड सरकार के परिवहन विभाग की ओर से संचालित ‘परिवहन कार्यालय आपके द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को रमना पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही परिवहन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
शिविर में दस्तावेज सत्यापन से लेकर कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट तक की पूरी प्रक्रिया स्थल पर ही संपन्न कराई गई। टेस्ट में सफल 56 अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश ने अपने हाथों से लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डीटीओ ने बताया कि इच्छुक आवेदक शिविर में आने से पूर्व सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर उसकी प्रति, ऑनलाइन शुल्क भुगतान रसीद, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, वोटर आइडी अथवा मैट्रिक की मार्कशीट (आयु प्रमाण), पासपोर्ट आकार का फोटो तथा ब्लड ग्रुप की जानकारी साथ लेकर आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को यूपीआइ अथवा एटीएम कार्ड की सुविधा साथ रखने की सलाह दी गई।
शिविर में प्रधान सहायक अरविन्द सिंह, सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा, सड़क अभियात्रिकी विश्लेषक विनय रंजन तिवारी, आइटी सहायक नीरज पाण्डेय, कंप्यूटर ऑपरेटर चन्दन सिंह, अतुल रंजन सिन्हा, सूरज प्रकाश चंद्रवंशी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Leave a Reply